Chandigarh News

पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के खिलाफ कांग्रेस ने भरी हुंकार, घोड़ा गाड़ी पर हुए सवार

जेएनएन, चंडीगढ़। पेट्रोल व डीजल के बढ़े दामों के खिलाफ हरियाणा कांग्रेस ने यहां जोरदार प्रदर्शन किया। हरियाणा अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के आह्वान पर किए गए प्रदर्शन में चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी पदाधिकारी भी शामिल हुए और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़े दाम वापस लेने का दबाव बनाया।

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश कोष अध्यक्ष तरुण भंडारी और चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने संयुक्त रूप से किया। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर खुद दिल्ली में रहे और पार्टी कार्यकर्ताओं को वहीं से निर्देश जारी करते हुए सरकार पर दबाव बनाने को कहा।

चंडीगढ़ में कांग्रेसियों का प्रदर्शन सेक्टर 26 ट्रांसपोर्ट चौक से शुरू होकर सेक्टर सात-आठ की लाइटों तक चला। कांग्रेसी घोड़ा गाड़ी में सवार थे और उसी पर वाहन भी रखे हुए थे। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी ने बताया कि यदि जल्द ही पेट्रोल व डीजल के दाम कम नहीं किए गए तो जिला व ब्लाक स्तर पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

सुरजेवाला ने आंकड़ों के साथ बोला केंद्र सरकार पर हमला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन व विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी आंकड़ों के साथ केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा कि डीजल का मूल्य 68.8 रुपये लीटर पर पहुंच गया, जिस कारण किसानों को अपना गुजारा करना मुश्किल हो गया है। नौ दिनों में डीजल के दाम 2.15 रुपये लीटर बढ़े हैैं। दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 76.87 रुपये लीटर पर पहुंच गई। पिछले नौ दिनों में पेट्रोल के दाम 2.24 रुपये लीटर बढ़े हैं।

सुरजेवाला ने कहा कि महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश में तो कीमतें और भी ज्यादा हैैं। मुंबई में पेट्रोल की कीमतें 85 रुपये लीटर से ज्यादा का रिकार्ड बना रही हैैं। सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल पर टैक्स लगाकर अपना खजाना भर रही है। भाजपा ने ‘अच्छे दिन’ के वादे के साथ सरकार बनाई थी, लेकिन इसने हर मोर्चे पर जनता को निराश किया है।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*