Mumbai Rains

मुंबई बारिश: रेलवे स्टेशनों पर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में लगी नौसेना

मुंबई में लगातार हो रही बारिश से नालासोपारा और वसई रोड स्टेशनों के बीच रेल की पटरियों के पानी में डूबे होने के कारण नालासोपारा स्टेशन में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए नौसेना को तैनात किया गया है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिम रेलवे के अनुरोध के बाद पश्चिमी नौसेना कमान ने अत्याधुनिक वाहनों को काम पर लगाया है जो बाढ़ग्रस्त इलाके को पार कर फंसे हुए यात्रियों तक पहुंच सकते हैं।

मुंबई में पिछले 48 घंटे से तेज बारिश हो रही है जिससे कई इलाकों में पानी भर गया है और इससे सड़क तथा रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी नौसेना कमान आपात स्थितियों मे मुंबईवासियों को सहायता पहुंचाने के लिए बचाव दल तथा आपातकालीन उपकरण रखता है।

मुंबई में बारिश का दिल्ली पर असर

मुंबई में जारी भारी बारिश का असर दिल्ली तक महसूस किया जा रहा है। पटरियों पर पानी जमा होने की वजह से रेलवे ने मंगलवार को स्थानीय लोकल ट्रेनों के साथ लंबी दूरी की दो दर्जन ट्रेनों को रद्द कर दिया। इनके अलावा 21 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया। जबकि छह ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया।

रेल मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के लंबी दूरी की 21 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें प्रमुख रूप से दिल्ली-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, मुंबई फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस आदि शामिल हैं। इसी कड़ी में बारिश के कारण मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12951), बांद्रा अमृतसर पंचशील एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12925)को भी रद्द कर दिया गया है।

बांद्रा- हजरत निजामुद्दीन (ट्रेन संख्या 09003), बांद्रा-हजरत निजामुद्दीन गरीब रथ, बांद्रा-गोरखपुर अवध एक्सप्रेस, अमृतसर गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस के निर्धारित समय में भी बदलाव किया गया है और इन्हें घंटों रवाना करने की जानकारी दी गई।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा आंशिक रूप से 24 ट्रेनों को रद्द किया गया है। आधा दर्जन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया है। इसमें प्रमुख रूप से पूणे-निजामुद्दीन दुरंतो को वाया दौउड भोपाल से चलाया गया। चंडीगढ़ संपर्क क्रांति को भोपाल- आगरा से होकर चलाया गया।

एयर इंडिया का विमान रनवे से फिसला

बारिश के कारण मंगलवार को एयर इंडिया का विमान रनवे पर फिसल गया। हालांकि, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के सीईओ केएस सुंदर ने बताया कि विजयवाड़ा से मुंबई आ रहा विमान दोपहर 2:51 पर रनवे पर फिसल गया। इंजीनियर विमान को हुए नुकसान का मुआयना कर रहे हैं।

उड़ानों में भी देरी

मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उड़ानों पर भी बारिश का असर देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक 89 उड़ानें 25 मिनट या इससे अधिक देरी से मुंबई पहुंची। वहीं मुंबई से उड़ान भरने वाले 318 विमानों ने औसतन 53 मिनट की देरी से रवाना हुए।

एनडीआरएफ ने यात्रियों को बचाया

नालासोपारा में पटरियों पर जमा जल जमाव की चपेट में वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस भी आ गई। यात्री ट्रेन में फंस गए, जिन्हें कोस्ट गार्ड और एनडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय प्रशासन की मदद से स्टेशन तक पहुंचाया। रेलवे ने इन यात्रियों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई।

पालघर में फंसे 400 लोग

मुंबई से सटे पालघर जिले में मूसलाधार बारिश के कारण 400 लोग फंस गए हैं, जबकि 40 गांवों से संपर्क टूट गया है। बचाव करने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर भी खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं भर पा रहे हैं। हालांकि एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। बारिश के चलते पालघर और ठाणे जिले में मंगलवार को प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया।

150 पंप पानी निकालने में लगे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा को बताया कि मुंबई में विभिन्न स्थानों पर जमा पानी को निकालने के लिए 150 अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, पंपिंग प्रणाली पूरी क्षमता से काम कर रही है। राज्य प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है। जरूरत पड़ने पर वह उचित कदम उठाएंगे। उन्होंने माना कि शहर के 11 स्थानों पर जल जमाव है।

गोरेगांव में रिकॉर्ड 222. 8 मिमी बारिश

मुंबई में बारिश नए रिकॉर्ड बना रहा है। सोमवार साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक गोरेगांव में रिकॉर्ड 222.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बोरिवली में 218 मिमी, दादर में 216 मिमी, बारिश हुई। सबसे कम मुलुंड में बारिश हुई।

कोंकण भवन में गिरा पेड़, कई वाहन क्षतिग्रस्त

नवी मुंबई स्थित कोंकण भवन परिसर में बारिश के कारण एक पेड़ उखड़ जाने के कारण कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, इसमें किसी को चोट नहीं आई है। जबकि कल्याण-ठाणे फ्लाइओवर में दरार आने की सूचना है।

डब्बावालों की सेवाएं स्थगित

मुंबई में हो रही भारी बारिश और जगह-जगह जल जमाव की वजह से मशहूर डब्बावालों ने मंगलवार को अपनी सेवाएं स्थगित रखी। इसकी घोषणा उन्होंने सोमवार को ही कर दी थी। मुंबई डिब्बवाला संगठन के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने कहा, शहर भर में पानी भरा होने के कारण हमने मंगलवार को टिफिन इकट्ठा नहीं किए। घुटनों तक भरे पानी के बीच साइकिल चलाना हमारे के लिए मुश्किल है।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*