Rohit Sharma

INDvWI: ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का सुपरहिट रिकॉर्ड

धाकड़ ओपनर रोहित शर्मा ने रविवार को वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और नाबाद 152 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को पहले वन-डे में आसानी से 8 विकेट की जीत दिलाई। रोहित को ‘हिटमैन’ क्यों कहा जाता है, इसे उन्होंने गुवाहाटी के बारसपारा स्टेडियम में बेहतरीन पारी खेलकर साबित किया। अपनी पारी की धीमी शुरुआत करने के बाद अचानक मुंबई के बल्लेबाज ने गियर बदला और सिर्फ 117 गेंदों में 15 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 152 रन बना दिए। उन्होंने इस दौरान सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ा।

रोहित शर्मा वन-डे में सर्वाधिक बार 150 रन की पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा। तेंदुलकर और वॉर्नर ने वन-डे क्रिकेट में पांच-पांच बार 150 या इससे अधिक रन की पारी खेली।

रोहित शर्मा भारत में सबसे कम पारियों में 4,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने। इस मामले में वह महान सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड की बराबरी करने से केवल एक पारी से चूक गए। लिटिल मास्टर गावस्कर ने भारत में खेलते हुए 86 पारियों में 4,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे।

इसके अलावा रोहित शर्मा वन-डे में बतौर ओपनर सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस मामले में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल काबिज हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 272 छक्के लगाए हैं। दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व आतिशि ओपनर सनथ जयसूर्या 263 छक्कों के साथ मौजूद हैं। रोहित शर्मा 172 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हैं। सचिन तेंदुलकर 167 छक्कों के साथ चौथे और एडम गिलक्रिस्ट 144 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

वैसे, टीम इंडिया की तरफ से वन-डे में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में भी रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर काबिज हैं। एमएस धोनी 210 छक्कों के साथ इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं। सचिन तेंदुलकर 195 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। 194 छक्कों के साथ रोहित शर्मा तीसरे, 190 के साथ सौरव गांगुली चौथे और 155 छक्कों के साथ युवराज सिंह पांचवें स्थान पर हैं।

विश्व स्तर पर देखा जाए तो सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा आठवें स्थान पर हैं। इस लिस्ट में पूर्व पाक कप्तान शाहिद अफरीदी 351 छक्के जमाकर बादशाह बने हुए हैं। क्रिस गेल 275 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। सनथ जयसूर्या 270 तीसरे, एमएस धोनी 217 चौथे, एबी डीविलियर्स 204 पांचवें, ब्रेंडन मैकुलम 200 छठें और सचिन तेंदुलकर 195 सातवें स्थान पर हैं।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*