BJP Wins

गुजरात-हिमाचल की जीत ने बढ़ाया हरियाणा के मंत्रियों का जोश, सीएम भी गदगद

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुजरात व हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह जीत जनता की जीत है और इसके लिए वे सभी को बधाई व शुभकामनाएं देते हैं। सीएम ने कहा कि वर्ष 2012 के बाद से पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ा है और एक-एक करके विभिन्न प्रदेशों में पार्टी की सरकार बनी है। पार्टी के बढ़ते जनाधार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देखा गया कांग्रेस मुक्त भारत का सपना साकार हो रहा है।

हरियाणा के मंत्री भी फूल नहीं समा रहे हैं। इन मंत्रियों ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया है। मंत्रियों का कहना है कि दोनों राज्यों की जनता ने प्रधानमंत्री के विकास को सलाम किया है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने ने कहा कि यह देश की जनता का मूड है और कांग्रेस इसे समझना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भी पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव कंबोज ने कहा कि गुजरात तथा हिमाचल प्रदेश की जनता ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की नीतियों में विश्वास जताया है। गुजरात की जनता ने लगातार छठी बार भाजपा के विकास पर मुहर लगाई है और हिमाचल में कांग्रेस के कुशासन को करारा जवाब दिया है। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों की जीत है, विकासवाद की जीत है और वंशवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की हार है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जीएसटी और नोटबंदी के बारे में विपक्ष ने तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाने की कोशिश की थी। इन दोनों प्रदेशों की जनता ने भारी जनादेश के माध्यम से विपक्ष को मुंह तोड़ जवाब देने का काम किया है।

लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भातीय जनता पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों में विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव परिणाम तो वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों की बानगी मात्र है।

उन्होंने कहा कि केवल हरियाणा में नहीं पूरे देश में गुजरात व हिमाचल प्रदेश के चुनाव का परिणामों का असर पड़ेगा। इस अवसर पर सोहना के विधायक तेजपाल तंवर व भाव नगर जिले की पालीताना विधानसभा क्षेत्र में हरियाणा से चुनावी ड्यूटी पर भेजे गए विशाल सेठ भी उपस्थित रहे।

खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि इन नतीजों ने बता दिया है कि जनता आज भी मोदी को ही चाहती है। उनके अनुसार इस जीत का असर हरियाणा की राजनीति पर भी पड़ेगा। हरियाणा में फिर से भाजपा सरकार आएगा। क्योंकि यहां कांग्रेस बिखरी पड़ी है और इनेलो जनाधार खो चुकी है। इसलिए हरियाणा में भाजपा के मुकाबले में कोई नहीं है।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*