Manushi Chhillar

मैं खुश हूं कि हरियाणा के लोग महिलाओं को अब अलग नजरिए से देख रहे हैं: मानुषी

मुंबई: हरियाणा की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब अपने नाम किया। मिस वर्ल्ड बनने के बाद दुनियाभर में सभी की निगाहें मानुषी पर है। मानुषी इस बात को लेकर खुशी महसूस करती हैं कि हरियाणा के लोग महिलाओं को अलग नजरिए से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सौंदर्य प्रतियोगिता में उनकी जीत से निश्चित रूप से बदलाव आएगा और यह जीत राज्य की लड़कियों को प्रोत्साहित करेगी।

मानुषी से जब पूछा गया कि उनकी जीत राज्य की लड़कियों को नया जीवन कैसे देगी तो उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि जब किसी समुदाय की महिलाएं या लोग अच्छा काम करते हैं तो यह सभी लड़कियों के लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन होता है, विशेष रूप से हरियाणा जैसे जगह के लिए जिसके बारे में लोग सोचते हैं कि महिलाओं को यहां खास तव्वजो नहीं मिलती। लेकिन, अब नक्शा बदल रहा है।”

वह पिछले हफ्ते विश्व सुंदरी के ताज के साथ भारत लौटीं और यहां अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। वह मीडिया को संबोधित करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी मंगलवार को पहुंचीं। मीडिया से बातचीत के दौरान मानुषी के साथ उनके चिकित्सक माता-पिता मित्रबसु और नीलम छिल्लर और भाई व बहन भी थे। उनके साथ मिस वर्ल्ड संस्था की अध्यक्ष जूलिया मोर्ली भी थीं। मोर्ली ने बताया कि मानुषी के ‘ब्यूटी विद अ परपस’ पहल, जिसके अंतर्गत उन्होंने माहवारी स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर जागरूकता फैलाने की कोशिश की, ने उन्हें अन्य प्रतियोगियों के मुकाबले बढ़त दी।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*