RWA-21 के चुनाव में हंगामा, महासचिव पर हमला

सैक्टर-21 के रैजीडैंट्स वैल्फेयर (आर.डब्ल्यू.ए.) के चुनाव के दौरान रविवार को फिर दोनों पक्षों में काफी गरमागरमी हो गई। जिसकी शिकायत सैक्टर-21 डी. के मकान नंबर-3339 में रहने वाले प्रदीप चोपड़ा ने सैक्टर-19 के पुलिस स्टेशन में कर दी। चोपड़ा ने यह शिकायत करण नंदा, जॉली, पी.सी. सांघी और तीन अन्य लोगों के खिलाफ दी है। उन्होंने शिकायत में अपने ऊपर चाकू से हमला किए जाने की भी बात कही है।

चोपड़ा ने बताया कि वह सिटीजंस एसोसिएशन के महासचिव हैं। 5 नवंबर को मानव मंगल स्कूल सैक्टर-21 में एसोसिएशन के प्रधान पद का चुनाव चल रहा था। इसी सैक्टर में रहने वाले करण नंदा और जॉली कुछ अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने बलजिंद्र सिंह बिट्टू के ड्राइवर को धमकाना शुरू कर दिया।

जब वह इस घटना की वीडियो क्लिप बनाने लगे और फोटो खींचने लगे तो सांघी ने उन्हें ऐसा करते देख लिया और करण नंदा को उनके ऊपर हमला करने के लिए कहा। सांघी ने उनका मोबाइल तोडऩे की बात भी कही। जिस पर जॉली और करण नंदा ने उन्हें मारना शुरू कर दिया। इस बीच करण नंदा ने कुछ लोगों से उन्हें जान से मारने के लिए कहा।

चाकू से हमला करने की कोशिश :

चोपड़ा ने अपनी शिकायत में कहा है कि दाढ़ी वाले एक अनजान व्यक्ति ने उन्हें लगभग 9 इंच के चाकू से मारने की कोशिश की। जिसकी फोटो उन्होंने मोबाइल से खींच ली थी। इस बीच मोहिंद्र प्रताप ने उन्हें बामुश्किल बचाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाने के लिए कहा। इसकी एक छोटी सी वीडियो क्लिप भी उन्होंने बनाई है।

जिसमें वह अनजान व्यक्ति उन्हें धमकियां दे रहा है और सैक्टर छोडऩे के लिए कह रहा है। इसकी पूरी फुटेज स्कूल में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरा से भी हासिल की जा सकती है। चोपड़ा ने कहा कि वह चाहते हैं कि करण नंदा, जॉली, पी.सी. सांघी और अज्ञात लोगों के खिलाफ तुरंत एफ.आई.आर. दर्ज की जाए।

सांघी बोले-काऊंटर शिकायत दी गई है :

पी.सी. सांघी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जो शिकायत शनिवार को दी गई थी उसके खिलाफ यह काऊंटर शिकायत दी गई है। दरअसल, जिसने भी यह शिकायत दी है उसके द्वारा पुरानी शिकायत को दबाने की कोशिश की जा रही है।

सांघी ने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान इस प्रकार की कोई लड़ाई भी हुई है। उन्होंने कहा कि वह केवल कुछ देर के लिए ही स्कूल में गए थे। इसके बाद वह सारा दिन अपने घर में ही थे।

गौरतलब है कि शनिवार को पी.सी. सांघी ने भी पुलिस में शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने बलजिंद्र सिंह बिट्टू सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ उन्हें जान से मारने की बात कही थी। हालांकि बिट्टू ने इन आरोपों को निराधार बताया था।

बलजिंद्र सिंह बिट्टू बने आर.डब्ल्यू.ए. सैक्टर-21 के प्रधान :

बलजिंद्र सिंह बिट्टू ने आर.डब्ल्यू.ए. सैक्टर-21 के प्रधान पद का चुनाव जीत लिया है। रविवार को मानव मंगल स्कूल में यह चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई। प्रधान पद के लिए बिट्टू के सामने विशाल गर्ग नरवाना थे।

नरवाना को फेडरेशन ऑफ सैक्टर्स वैल्फेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ (फॉसवेक) के पूर्व चेयरमैन पी.सी. सांघी का समर्थन हासिल था, लेकिन बिट्टू ने यह चुनाव जीत लिया। बिट्टू ने नरवाना को 134 वोट से हराया। चुनाव में कुल 1157 वोट पड़े।

जिसमें से बिट्टू को 628 और नरवाना को 494 वोट हासिल हुए, जबकि 35 वोट अवैध करार दिए गए। रविवार सुबह चुनाव के लिए वोटिंग शुरू कर दी गई थी। शाम लगभग 6 बजे रिजल्ट की घोषणा की गई। जिसके बाद बिट्टू गुट ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*