MS Dhoni

एमएस धोनी बने बिहार-झारखंड के सबसे बड़े टैक्स पेयर, इस साल किया इतना भुगतान

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम मैदान से जुड़े तो कई रिकॉर्ड दर्ज हैं, लेकिन देश के आर्थिक सहयोग में भी ‘कैप्टन कूल’ का योगदान कुछ कम नहीं है। यह रिकॉर्ड सबसे ज्यादा टैक्स भरने का है। दरअसल एमएस धोनी पूरे झारखंड में सबसे ज्यादा टैक्स भरने वाले व्यक्ति बन गए हैं।

वित्त वर्ष 2017-18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक धोनी ने 12.17 करोड़ रुपये टैक्स जमा किया है। इस मामले में न सिर्फ झारखंड बल्कि बिहार में भी कोई धोनी जितना टैक्स नहीं चुकाता। इसकी जानकारी आईटी हेडक्वॉर्टर (बिहार और झारखंड) की ज्वॉइंट कमिश्नर निशा आरोन ने दी है।

निशा आरोन के मुताबिक, ‘धोनी ने वित्त वर्ष 2017-18 में बिहार झारखंड क्षेत्र से सबसे ज्यादा टैक्स जमा किया है। इससे पहले 2016-17 वित्त वर्ष में 37 साल के धोनी ने 10.93 करोड़ रुपये टैक्स जमा किया था। धोनी 2013-14 में भी इस क्षेत्र से सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले शख्स थे।’

इससे पहले न्यूयॉर्क की प्रसिद्ध मैग्जीन फोर्ब्स ने भी धोनी की कमाई के बारे में खुलासा किया था। साल 2015 की एक रिपोर्ट की मानें तो इस साल धोनी ने करीब 217 करोड़ रुपये कमाए थे। इसमें 24 करोड़ रुपये के करीब उनकी सैलरी और बाकी पैसा विज्ञापनों से आया था।

बता दें कि मौजूदा समय में धोनी इंग्लैंड दौरे पर गए हैं। वन-डे और टी-20 में उनके प्रदर्शन के बाद धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाओं का बाजार काफी गर्म है। हालांकि संन्यास को लेकर धोनी की तरफ से अभी तक किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*