Kidnap Girl Outside Of MCM

एमसीएम के बाहर से लड़की किडनैप, शोर मचाया तो 22 मिनट बाद चौक के पास छोड़ा

बतौर पीजी रहती है। पुलिस के मुताबिक लड़की और विक्रांत की पहले से जान-पहचान थी।

चंडीगढ़.एमसीएम कॉलेज सेक्टर-36 के सामने से मंगलवार दोपहर बीए फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट को कार में किडनैप कर लिया गया। लड़की के शोर मचाने, विरोध करने पर किडनैपर उसे 9 किलोमीटर दूर हल्लोमाजरा चौक के पास छोड़ने को मजबूर हो गए। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दोनों किडनैपर्स- विक्रांत और यश को सोलन से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पानीपत के रहने वाले हैं, लड़की भी पानीपत की है और यहां एक कॉलेज में पढ़ती है, बतौर पीजी रहती है। पुलिस के मुताबिक लड़की और विक्रांत की पहले से जान-पहचान थी। पिछले कुछ दिनों से लड़की ने विक्रांत का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा-341 रास्ता रोकने, 354 छेड़छाड़, 365 किडनैपिंग, 506 धमकाने और 120बी साजिश रचने के तहत केस दर्ज किया है। विक्रांत पानीपत में ही बीए सेकेंड ईयर का स्टूडेंट है, जबकि उसका दोस्त यश जेबीटी कर रहा है।

किडनैपिंग की हिमाकत क्यों…

पुलिस के मुताबिक लड़की इसी साल पढ़ने के लिए पानीपत से चंडीगढ़ आई है। उसकी विक्रांत से जान-पहचान थी, लेकिन किसी वजह से दोनों में बातचीत बंद हो गई थी। जब विक्रांत ने ज्यादा परेशान करना शुरू किया तो करीब 15 दिनों से लड़की ने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया था।

ऐसे बची लड़की…एक किडनैपर गाड़ी चला रहा था, दूसरा लड़की की हिम्मत के आगे पस्त हो गया

मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वह सहेलियों के साथ कॉलेज से बाहर निकली। इसी दौरान विक्रांत अपने दोस्त यश के साथ कार में यहां पहुंचा। यश गाड़ी चला रहा था, पीछे बैठे विक्रांत ने लड़की को जबरन कार में खींच लिया। इसके बाद उन्होंने गाड़ी भगा ली। उधर, लड़की की सहेलियों ने पीसीआर को फोन किया। उधर, गाड़ी में विक्रांत लड़की को धमकाता रहा कि वह उसे साथ लेकर पानीपत में उसके घर जाएगा। लड़की ने हौसला नहीं खोया और हाथ-पैर चलाने के साथ ही शोर मचाने लगी। अकेले विक्रांत उसे संभाल नहीं पाया। शोर से उन्हें लगा कि कहीं पकड़े ने जाएं। इसलिए तय किया कि लड़की को यहीं छोड़ देते हैं। हल्लोमाजरा चौक पर उसे गाड़ी से धकेल दिया। लड़की ने यहां से पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। सेक्टर-36 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को लेकर मेडिकल कराया। थाने में उसकी शिकायत पर दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया।

पुलिस ने की नाकाबंदी और ऐसे दबोचा…

लड़की की सहेलियां के कॉल पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार की मेक और नंबर को वायरलेस पर फ्लैश कर दिया गया। शहर की नाकेबंदी कर दी गई। 22 मिनट बाद दोबारा कॉल आई कि लड़की इस समय हल्लोमाजरा चौक पर है, तो पुलिस वहां पहुंची। इधर, सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एसएचओ नसीब की अध्यक्षता में एक टीम बनाई। आरोपियों के फोन सर्विलांस पर लगाए गए, जहां से क्लू मिला कि दोनों सोलन की तरफ गए हैं। टीम में शामिल एसआई ओम प्रकाश की अगुवाई में 24 घंटे के अंदर दोनों किडनैपर्स को सोलन से दबोचा गया। दोनों एक होटल में सोए हुए थे। पुलिस कॉलेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक कर रही है, ताकि पता चले कि आरोपी कितनी देर से कॉलेज के बाहर उसकी रेकी कर रहे थे।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*