Nipah Virus Terror In Chandigarh

चंडीगढ़ में निपाह वायरस का टैरर सी.एस.आई.ओ. ने बताया खतरा

चंडीगढ़ में निपाह वायरस का फिलहाल न तो कोई मरीज सामने आया है और न ही इससे जुड़ी कोई शिकायत प्रशासन के पास पहुंची है। फिर भी इस वायरस का खौफ शहर में बढ़ रहा है। खासकर अब चमगादड़ों को देखकर ही लोग डरने लगे हैं। यही वजह है कि कुछ दिन पहले सी.एस.आई.आर.-सैंट्रल साइंटिफिक इंस्ट्रूमैंट्स ऑर्गेनाइजेशन (सी.एस.आई.ओ.) ने चंडीगढ़ प्रशासन के फॉरैस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमैंट को एक लैटर भेजा है।

इसमें कहा गया है कि सी.एस.आई.ओ. परिसर के कुछ एरिया में चमगादड़ों की भरमार है। अगर चंडीगढ़ में निपाह वायरस दस्तक देता है तो यह चमगादड़ें इस वायरस को फैलाने में मददगार साबित हो सकती हैं। इसलिए इन चमगादड़ों को सी.एस.आई.ओ. परिसर से हटाने के लिए तुरंत एक्शन लिया जाए। सी.एस.आई.ओ. के गैस्ट हाऊस और आम के बाग में फ्रूट बैट्स (फल खाने वाले चमगादड़) की भरमार है।

फॉरैस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमैंट से कहा गया है कि यहां से चमगादड़ों को या तो कहीं और शिफ्ट कर दिया जाए या उन्हें भगा दिया जाए, ताकि वह फिर यहां न आएं। केरल में निपाह वायरस फैलने के बाद यह पहला मौका है जब चंडीगढ़ के किसी संस्थान की ओर से चमगादड़ों के डर से प्रशासन के पास शिकायत की गई है।

हैल्थ डिपार्टमैंट भी जारी कर चुका है अलर्ट

यू.टी. का हैल्थ डिपार्टमैंट पिछले माह शहर में अलर्ट घोषित कर चुका है। हैल्थ डिपार्टमैंट ने गाइडलाइन्स जारी करते हुए सभी होटल्स और एनिमल हॉस्पिटल्स को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। गाइडलाइन्स के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति केरल या पश्चिम बंगाल से आता है तो एहतियात बरतते हुए हैल्थ डिपार्टमैंट को सूचित किया जाए। अभी शहर में ऐसा मामला सामने नहीं आया है।

यह है निपाह वायरस

निपाह वायरस आमतौर पर फल खाने वाले चमगादड़ों द्वारा फैलाया जाता है, जो घोड़ों और सुअर जैसे अन्य घरेलू जानवरों को संक्रमित करता है। ऐसे जानवरों के निकट आने पर मनुष्य भी संक्रमित हो जाते हैं। इसकी वजह से समस्या गंभीर हो सकती है। संक्रमित चमगादड़ों के आंशिक रूप से खाए गए फल खाने से भी संक्रमण फैलता है।

यह हैं लक्षण

अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत। गर्दन में अकडऩ होती है। चेतना में गिरावट के साथ पांच से सात दिन के भीतर मरीज को कोमा की तरफ ले जाता है।

अगर खतरा हुआ तो हटाए जाएंगे चमगादड़

फॉरैस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमैंट ने अभी शहर को निपाह वायरस से पूरी तरह सुरक्षित बताया है। डिपार्टमैंट का कहना है कि निपाह वायरस के लक्षण अभी शहर या फिर आसपास के एरिया में नहीं देखे गए हैं। इसलिए बिना वजह चमगादड़ों को उनके आवास से खदेडऩा गलत होगा।

यही कारण है कि फिलहाल डिपार्टमैंट सी.एस.आई.ओ. परिसर में रह रहे चमगादड़ों को नहीं हटाएगा। हालांकि अगर शहर में इस वायरस से किसी तरह का खतरा सामने आता है तो तुरंत इन चमगादड़ों को यहां से शिफ्ट कर दिया जाएगा।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*