Chandigarh Temperature

चंडीगढ़ में 5 डिग्री पहुंचा पारा, अभी और सर्दी बढ़ने के आसार

सर्दी का सितम वीरवार को भी जारी रहा। दिन के तापमान में गिरावट के बाद अब रात का तापमान नीचे गिरने लगा है। बीती बुधवार की रात करीब 5.2 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया है, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही है।

मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि दिन के साथ-साथ अब रात के पारे में गिरावट शुरू हो गई है। अगले दो दिन रात के पारे में एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। दिन में पारा गिरने की पूरी संभावना है। यानी अगले दो दिन कड़ाके वाली सर्दी के हो सकते हैं।

वीरवार को अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। बुधवार के मुकाबले मात्र वीरवार को दिन के तापमान में प्वाइंट वन की गिरावट हुई। जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट इलाके में 12.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री कम था।

चंडीगढ़ में पिछले चार दिन से तापमान में गिरावट आई है। रविवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इन चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब आठ डिग्री की गिरावट आई। इसके उलट रात का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री ज्यादा दर्ज हो रहा था। पिछले तीन दिन में दिन के तापमान में तो गिरावट आई थी, मगर रात के तापमान में कोई फर्क नहीं पड़ा।

बुधवार से ही रात के तापमान में गिरावट आना शुरू हुई है। प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार रात के तापमान गिरने से सर्दी बढ़ सकती है। मौसम विशेषज्ञ इसकी वजह पहाड़ों से होकर आ रही ठंडी हवाओं को मान रहे हैं। जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ था जो अब आगे निकल गया है और पहाड़ों से बर्फीली हवाएं मैदानी राज्यों से आ रही हैं। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट आ रही है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मौसम साफ रहेगा। सुबह और रात के वक्त धुंध छाएगी। बारिश या बादल के आसपास के दिनों में कोई चांस नहीं दिख रहा है। दिन में हल्की धूप निकलेगी। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 14 से 17 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। जबकि रात का तापमान पांच से तीन डिग्री के बीच दर्ज होगा।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*