Tribune Chowk

ट्रिब्यून चौक फ्लाईओवर: इस साल के अंत में शुरू होगा काम

ट्रिब्यून चौक से लेकर जीरकपुर एंट्री तक बनने वाले फ्लाई ओवर को लेकर बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ सांसद किरण खेर और यू.टी. के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें डिटेल प्रोजैक्ट रिपोर्ट पर चर्चा हुई। इस पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।

यू.टी. प्रशासन के जिम्मे फ्लाई ओवर के डिजाइन बनाने का काम था, जिस पर यहां बनी कमेटी ने भी मोहर लगा दी थी। इसे संबंधित मंत्रालय को भेज दिया था। कई दिन से इस पर काम रुका था लेकिन अब इसमें मीटिंग के बाद तेजी आने की उम्मीद है। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले इसे शुरू करने को कहा गया है।

जल्द काम चाहिए: खेर

बैठक के बाद सांसद खेर ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि ट्रिब्यून फ्लाई ओवर के काम में तेजी लाने को लेकर यू.टी. अफसरों के साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मुलाकात हुई। प्रशासन के चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद भी मौजूद रहे। सांसद ने ट्वीट में लिखा कि हमें इस प्रोजैक्ट पर जल्द से जल्द काम चाहिए।

मंत्री को दिखाई डी.पी.आर.

प्रशासन की ओर से दक्षिण मार्ग पर बनने वाले इस फ्लाई ओवर की डिटेल प्रोजैक्ट रिपोर्ट (डी.पी.आर.) नितिन गडकरी के सामने रखी गई। गडकरी और सांसद किरण खेर ने काम में तेजी को लेकर यू.टी. प्रशासन के अफसरों को आदेश दिए कि जानकारी दें कि ट्रिब्यून चौक पर अंडरपास भी बनना है।

2019 लोकसभा चुनाव से पहले प्रोजैक्ट से जुड़े कई काम प्रशासन पूरा करने की कोशिश में है। मंजूरी के बाद दिसम्बर से पहले ग्राऊंड लेवल पर काम शुरू करने की योजना है। जिस कंपनी को टैंडर अलॉट होगा, उसे दो साल में इसे पूरा करने का समय दिया जाएगा।

जाम से मिलेगी निजात

फ्लाईओवर बनने के बाद यहां लोगों को आने-जाने में समय की काफी बचत होगी। दक्षिण मार्ग पर फ्लाई ओवर बनने के बाद लोगों का काफी समय बचेगा। पीक ऑवर्स के दौरान जीरकपुर से ट्रिब्यून की ओर आने वाली रोड पर काफी ट्रैफिक होता है।

जिस कारण ट्रैफिक जाम लगता है। खासकर सुबह 9-10 बजे ऑफिस टाइम और शाम को 5 से रात 7 बजे तक ऐसी ही स्थिति रहती है। फ्लाई ओवर बनने के बाद यह समय कम होकर 25 से 30 मिनट का रह जाएगा। दिल्ली का ट्रैफिक बिना रुके फ्लाई ओवर के ऊ पर से निकल जाएगा।

Rate this post

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*